प्योहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्योहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

होली की ठिठोली

रविवार, फ़रवरी 28, 2010

होली है…भाई होली है..बुरा न मानो होली है। इन शब्दों से जुड़ी कई यादें है जिनको याद करके बहुत भावुक महसूस करता हूं। होली एक अकेला ऐसा त्यौहार है जिसमें पाकर खुद को बहुत खुश महसूस करता हूं। होली में कोई बंदिश नहीं रहती है, धूप में सूख रहे पापड़, चिप्स हो या किचन में बन रहे रसगुल्लों पर भी । इनकी खुशबू से पता चल जाता है कि होली का महीना चल रहा है। मौसम मे भीं थोड़ी ठंडक रहती है तो दूसरी ओर गर्मी की धूप दस्तक दे रही होती है। पंखे भी आवाज लगा रहे होते है कि अब उनको चलाने का वक्त हो गया है। हवायें तेज़ी से सूखे पत्तों को हटाकर नई कलियां खिला रही होती हैं। पिता जी के चीनी मिल से ज़ुडे होने के कारण गन्नों से लदी गाडियों के शोर और उन पर लदे तरह तरह की वैरायटी वाले गन्ने की मिठास से ज़बान तो मीठी होती ही है मन भी मीठा हो जाता है।

यूं तो इस साल होली की तारीख एक मार्च है लेकिन सच मानिये हम और आपके स्कूलों में तो होली तीन चार दिन पहले ही शुरु हो जाती थी। क्लास मै बैठे बैठे अपने आगे वाली सीट पर बैठे बच्चे के सिर पर रंग डालकर पीछे से हट जाने का मज़ा अलग ही होता है। मज़ा तब और आता है जब उसको जाकर खुद बताओ कि उसके सिर पर किसी ने रंग डाल दिया है। थोड़ी सी नाराज़गी के बाद वही होता है कि बुरा न मानो होली है।

होली की छुट्टियों के शुरु होने के आखिरी दिन क्लास खत्म होने बाद मस्ती की जो पाठशाला शुरु होती है उसके रंग तन पर तो छपते ही है साथ साथ जीवन भर के लिये मन के कोने पर छाप डालते हैं। एक के पीछे रंगों की थैली लेकर भागना फिर, उसको पकड़कर पूरी तरह से रंगीन बना देना, आहहह..याद करता हूं तो काफी अच्छा लगता है। कोई लौटा देता वो प्यारे दिन तो वापस जीवन की गाड़ी को मोड़कर उस कालेज की सड़क पर खड़ा कर देता जहां पर जल्दी भागने वाले साथियों को पकड़ पकड़ कर रंगों से नहलाया करता था।

सुबह सुबह तेल लगाकर बाहर निकलने के बाद जब तक थक कर गिरने न लगे तब तक रंगों में डूबा रहना अब नहीं होता है। होली के दिन छुपे छुपे घूमने वालों को निकाल निकाल कर रंगने में अलग ही मज़ा है। लेकिन होली में सबसे बड़ी मुसीबत होती है स्कूल या कालेज की परीक्षायें जिनके शिड्यूल भी या तो होली एक दो दिन पहले से होते हैं या होली के दो दिन बाद, लेकिन होली की मस्ती थोड़ी देर के लिये उस मानसिक दबावों को भुलाने का मलहम जैसी लगती है।

पिछले कुछ सालों में ज़रुरत के हिसाब से होली की मस्ती में भी सावधानी का तड़का लगने लगा है। समय बदला है इसलिये हमें कुछ बातों में सावधानी तो बरतनी ही चाहिये। पक्के रंगों का प्रयोग से बचना चाहिये क्योंकि ये हमारी त्वचा को बहुत नुकसान पहुचाते है। जिस तेजी से हम और आपको पानी की कमी से जूझना पड़ रहा है तो हमें इस बात के लिये भी थोड़ी सावधानी रखनी चाहिये कि पानी का कम इस्तेमाल करें। इस बार होली में सूखे रंगों का प्रयोग करें पानी का इस्तेमाल कम से कम करें,ताकी पानी को बचाया जा सके।

दीपावली यानी पैसा खर्च = ख़तरा ख़रीद

शनिवार, अक्टूबर 17, 2009

दीपावली के शुभ अवसर पर लेख को शुरु करने से पहले सभी पढ़ने वालों को दीपावली की शुभकामनायें, और हां ये दीपावली बस आज के लिये ही नहीं है ये तो बीते हुये कल से लेकर आने वाले दो दिनों तक चला करती है। यूं तो मेरी उम्र तेईस साल ही है लेकिन बचपन की याद आ ही जाती है, मुझे याद है कि दीपावली के दो दिन पहले से ही मिठाइयों के ढेर लग जाया करते थे साथ ही पटाखों की लिस्ट तैयार हो जाया करती थी। हर बार ये प्रतियोगिता हुआ करती थी कि मेरे दोस्तों के यहां ज्यादा पटाखे आये है या मेरे यहां। हर बार ज़िद करके पटाखों में जितने पैसे पिछले साल फूंके थे उससे ज्यादा का बजट इस बार तैयार हो जाया करता था। पापा कितना भी मना करें लेकिन हर साल पटाखों की संख्या साल दर साल बढ़ती जाती थी। मुझे याद है हम अपने घर से ज्यादा चाचा के पास जाकर दीपावली मनाना ज्यादा पसंद करते थे क्योंकि चाचा पटाखों के शौकीन थे, वो हर तरह का पटाखा जलाना चाहते थे चाहे वो पैराशूट हो या सेवन शॉट या फिर टेन शॉट, उस वक्त इन्हीं नामों से पटाखे आया करते थे। दो दिन पहले ही पटाखे लाना फिर उनको दीपावली के दिन तक धूप में सुखाना फिर शाम होते ही समेटकर सूटकेस या किसी बैग में भर लेना ये रुटीन हुआ करता था। दीपावली के दिन तो जैसे सिर्फ पटाखा जलाना ही मकसद ही बचा रह गया था। शाम को सबसे पहले इंतजार होता था कि जल्दी से पूजा का कार्यक्रम समाप्त हो फिर पटाखे जलाने का कार्यक्रम शुरु । शुरुआत होती थी पटाखों में सबसे बड़े और नये पटाखे को जलाकर, इसी के साथ पटाखा फोडू प्रतियोगिता शुरु । रात के बारह बजे तक पटाखे फोड़ने का प्रोग्राम चलता रहता था। सिर्फ पटाखे जलाते रहना ही मजेदार नहीं होता, जब तक सामने से कोई फायर न हो मतलब ये है कि पटाखए जलाने में प्रतियोगिता हुआ करती थी।सभी पड़ोसियों से पटाखे जलाने का कांम्पटीशन होता था, अगर वो कोई बम फोड़ते थे तो उनसे बड़ा बम हमें भी फोड़ना होता था नहीं तो हार मानी जाती थी।

दीपावली की रात पटाखे जलाने के बाद अगले दिन फिर वही रुटीन शुरु, पटाखे धूप में सुखाये फिर रात में जलाये। ये दीपावली अगले दो दिन लगातार चला करती थी। दीपावली के अगले दिन तो ज्यादा रोचक काम सभी बच्चे किया करते थे, जो पटाखे किसी कारण से नहीं फट सके थे उसे इकट्ठा करने का काम, ये काम कुछ लोगों के लिये गंदा हो सकता है लेकिन उस वक्त वो बड़ा ही रोचक खेल था बचे हुए बिना फटे हुए पटाखों को इकट्ठा करके उनका बारुद निकालकर उन्हें कागज में रखकर जलाना। उसमें भी ख़तरा तो था ही लेकिन मज़ा भी बहुत आता था।

लेकिन आज सोचता हूं तो दुख होता है। जब अपने कुछ दोस्तों के चेहरे और उनके हाथों को देखता हूं तो सारा मज़ा काफूर हो जाता है और दिल सहम जाता है। एक डर दिल में बैठ जाता है कि ये त्यौहार खतरों के खेल जैसा क्यों हो गया है, क्यों पटाखों के खेल में हम खुद को ख़तरे में डाल देते हैं। जब पटाखे जलते है तो उनमें रोशनी होती है लेकिन उन्ही रोशनियों में जलते हुए मेरे एक दोस्त की आखों की रोशनी चली गई थी। वो अब हर साल दीपावली के दियों को ठीक से देख तक नहीं पाता, दुख होता है ,लेकिन क्या करें अब कुछ नहीं हो सकता है।

हमें दीपावली पर इस बात का ध्यान ज़रुर देना चाहिये कि पटाखे हमारे लिये कितना बड़ा खतरा है, साथ ही इससे हमारे पर्यावरण को भी कितना नुकसान होता है, इसका पता हमें उस वक्त नहीं चलता जब हम ठीक होते है और हमारे साथ कोई दुर्घटना नहीं होती है ये हमें तब पता चलता है जब हमें पटाखे जलाने का मज़ा सज़ा के रुप में मिलता है। तो इस दीपावली में सब मिलकर पटाखों से तौबा करें ये हमें प्रण लेना होगा। पटाखों को खरीदने से पैसों की बर्बादी तो होती ही है साथ ही हम पैसों में खुद के लिये खतरा खरीदते है और कुछ नहीं। हमें समझदारी से काम लेना होगा, पर्यावरण को बचाये पटाखो से तौबा करें, खुशियां मनाये पर पटाखों के साथ नहीं कहीं ऐसा न हो कि आज का मज़ा कल के लिये सज़ा बन जाये।SAY NO TO CRACKERS

Related Posts with Thumbnails